द फॉलोअप डेस्क
खूंटी से पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता, पद्मभूषण से सम्मानित कड़िया मुंडा को अज्ञात अपराधी द्वारा पुलिस अधिकारी बनकर रंगदारी मांगने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। यह पहला अवसर है जब 80 वर्षीय आदिवासी नेता को इस प्रकार की धमकी भरा कॉल आया है। कड़िया मुंडा के निजी सहायक डॉ. निर्मल सिंह के अनुसार, मोबाइल नंबर 8208746581 से कड़िया मुंडा के नंबर 9431108685 पर लगातार कॉल किए जा रहे हैं। कॉल करने वाला व्यक्ति स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पैसे की मांग कर रहा है और धमकी भी दे रहा है।

डॉ. निर्मल सिंह ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए पुलिस और मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग किया है। उन्होंने बताया कि कड़िया मुंडा इन दिनों अस्वस्थ हैं और इस तरह के फोन कॉल से वे मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि डॉ. सिंह की शिकायत पर रांची के साइबर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
