रांची:
रांची के बीटेक स्टूडेंट की बेंगलुरु में हॉस्टल की छत से गिरकर मौत हो गई. 21 वर्षीय लक्ष्य मिश्रा येलाहंका स्थित एक निजी कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था. पुलिस ने लक्ष्य की मौत मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया है. हालांकि, पिता द्वारा संदेह जताए जाने पर हत्या के एंगल से भी मामले की जांच की जायेगी.
बताया जा रहा है कि लक्ष्य मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हॉस्टल बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से गिर गया था. उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
लक्ष्य के पिता ने लिखित शिकायत दी
लक्ष्य के पिता अंजनी कुमार मिश्रा ने बेंगलुरु पहुंचने के बाद बुधवार को येलाहंका न्यू टाउन पुलिस स्टेशन में बेटे की मौत पर संदेह जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने सवाल उठाया है कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद लक्ष्य के शरीर का ज्यादातर हिस्सा इतना सही-सलामत कैसे है. उन्होंने यह भी पूछा है कि जिस खिड़की से लक्ष्य के गिरने की बात कही जा रही है, उसकी ग्रिल के बीच जगह इतनी कम है कि कोई वहां से गुजर ही नहीं सकता.
पिता अंजनी ने यह भी दावा किया है कि लक्ष्य जहां गिरा, वहां खून की मात्रा बेहद कम थी. उन्होंने घटना के समय को लेकर भी सवाल किया. उनका कहना है कि जब सुबह सवा 3 बजे लक्ष्य बिल्डिंग से गिरा तो परिवार को इसकी जानकारी 4 बजे क्यों दी गई.
पिता को आत्महत्या की थ्योरी नहीं पची
मृतक लक्ष्य के पिता अजंनी कुमार मिश्रा का कहना है कि मेरा बेटा आत्महत्या कर लेगा, इसका कोई कारण भी मुझे समझ में नहीं आता. उन्होंने साजिश की आशंका जताते हुए कॉलेज प्रबंधन पर कुछ छिपाने का आरोप लगाया है.