logo

खेत ही नहीं, पेड़ से भी किसान बन सकते हैं समृद्ध: शिल्पी नेहा तिर्की

shilpy5555.jpg

रांची
लाह उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में लापुंग प्रखंड के मालगो लैंप्स अंतर्गत रायटोली गांव में एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण सह टूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका आयोजन सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ (सिद्धको फेड) की ओर से किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मौजूद रहीं।
इस मौके पर 191 किसानों को लाह उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें टूल किट्स भी वितरित की गईं। इन किट्स में 5 किलो लाह बीज, कटाई के औजार और सुरक्षा उपकरण शामिल हैं।


मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, "अब किसान सिर्फ खेत से नहीं, पेड़ों से भी आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकते हैं। लाह उत्पादन झारखंड के लिए एक बड़ा अवसर है, जो गांवों में रोजगार और समृद्धि ला सकता है।" उन्होंने बताया कि झारखंड देश का सबसे बड़ा लाह उत्पादक राज्य है और इससे ग्रामीण परिवार बच्चों की पढ़ाई और जरूरतें पूरी कर सकते हैं। खूंटी और लातेहार जैसे इलाकों की तरह लापुंग की भौगोलिक स्थिति भी लाह उत्पादन के अनुकूल है।
मंत्री ने कहा कि सिद्धको फेड वनोपज को बढ़ावा देने और किसानों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। "लाह की मांग देश ही नहीं, विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है। अगर किसान संगठित होकर प्रशिक्षण लें और तकनीकी मदद से काम करें, तो एक पेड़ से 25 किलो तक लाह का उत्पादन संभव है। इससे पलायन भी रुकेगा," उन्होंने कहा।


सिद्धको फेड के सचिव राकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि विभाग प्रसंस्करण और प्रशिक्षण पर विशेष जोर दे रहा है। राज्य में 10 हजार किसानों को लाह उत्पादन का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने बताया कि लाह उत्पादन में मेहनत कम और मुनाफा ज्यादा है। इसका उपयोग दवा, कॉस्मेटिक और अन्य उत्पादों में होता है, जिससे इसकी बाजार मांग लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम में IINRG के वैज्ञानिक डी.के. सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जयंत बारला, सुदामा महली, देवती देवी, चैतन्य गंझु, सुरेश कुमार, विश्वनाथ मुंडा, सरोज मुंडा और सलीम सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। किसानों को जैसे ही लाह का बीज मिला, उन्होंने पेड़ों की ओर रुख किया और आज से ही लाह लगाने का कार्य शुरू कर दिया।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest