दीपक झा/ जामताड़ा
जामताड़ा में पूर्व हॉकी खिलाड़ी और सीएलडब्ल्यू कर्मी एरिक लकड़ा की हत्या को एक महीना बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों और रेल कर्मियों में भारी आक्रोश है। इसको लेकर गुरुवार शाम ऑल इंडिया SC/ST रेलवे एम्प्लॉयी एसोसिएशन के नेतृत्व में अमलादही बाजार से कैंडल मार्च निकाला गया, जो बाद में चित्तरंजन थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में बदल गया।

पुलिस और RPF की कार्यशैली पर उठे सवाल
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि घटना स्थल के पास सीसीटीवी कैमरे मौजूद होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होना गंभीर लापरवाही है। साथ ही RPF कंट्रोल रूम की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं कि निगरानी के बावजूद समय पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
.jpeg)
लगातार आंदोलन और प्रशासन का आश्वासन
शहर में इससे पहले भी सड़क जाम, शोक सभा और विभिन्न संगठनों द्वारा प्रदर्शन किए जा चुके हैं। चर्चा है कि मुख्य आरोपी 2021 की चाकूबाजी की घटना में भी शामिल रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।