जमशेदपुर:
TATA Motors Jamshedpur Plant: टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट (TATA Motor's Jamshedpur Plant) के कर्मचारियों को अधिकतम 85,176 रुपये तो वहीं औसतन 52,637 रुपये बोनस (Bonus) के रूप में मिलेंगे। कर्मचारियों के सालाना बोनस समझौते पर सोमवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच आखिरकार सहमति बन गयी। समझौते के तहत इस बार स्थायी कर्मचारियों को 14 प्रतिशत बोनस मिलेगा। बोनस समझौते के साथ रोजगार के मोर्चे पर भी अहम फैसला हुआ है। प्रबंधन ने प्लांट में 151 फुल टर्म अप्रेंटिस (FTA) की नई बहाली पर सहमति दी है।

बोनस पर सहमति से कर्मचारियों में खुशी
समझौते के बाद कंपनी गेट पर कर्मचारियों और यूनियन समर्थकों में खुशी का माहौल दिखा। अध्यक्ष और महामंत्री का कर्मचारियों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के बीच कर्मचारियों ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को बोनस समझौते की बधाई दी। सहमति के बाद कंपनी परिसर के बाहर कर्मचारियों में खासा उत्साह रहा। यूनियन पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने जमकर जश्न मनाया।
अधिकतम और औसत बोनस राशि में बढ़ोतरी
इस बार बोनस प्रतिशत के साथ अधिकतम और औसत बोनस राशि में भी बढ़ोतरी हुई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। उस समय अधिकतम बोनस 75,223 रुपये और औसतन 50,160 रुपये मिला था। इस लिहाज से इस बार बोनस प्रतिशत 1.7 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं, अधिकतम बोनस राशि में 9,953 रुपये और औसत बोनस में 2,477 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
.jpeg)
प्रत्येक कर्मचारी को मिलेगा 1,150 का टोकन गिफ्ट
बोनस समझौते के तहत प्रत्येक कर्मचारी को 1,150 रुपये का टोकन गिफ्ट भी मिलेगा। वहीं, 151 एफटीए की नयी बहाली को कर्मचारियों के लिए रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है। पिछले बोनस समझौते में करीब 1,200 बाइसिक्स कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस दिया गया था। इसके अलावा 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गयी थी।