द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले के सदर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनकाठी में एक छात्रा की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा छह की छात्रा अनु मुर्मू से सवाल का जवाब नहीं देने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और वह अर्धमूर्छित हो गई। आनन-फानन में उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश देते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से रिपोर्ट तलब की है।

बीमार होने के बावजूद स्कूल पहुंची थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केंदपानी गांव की रहने वाली अनु मुर्मू बनकाठी विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी, लेकिन इसके बावजूद पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंची थी। इसी दौरान प्रधानाध्यापक कक्षा ले रहे थे। उन्होंने छात्रा से एक सवाल पूछा, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वह जवाब नहीं दे सकी। आरोप है कि कई बार पूछने के बाद भी उत्तर नहीं मिलने पर प्रधानाध्यापक नाराज हो गए और उसकी पिटाई कर दी। छात्रा की हालत बिगड़ने पर शिक्षक ने परिजनों को सूचना दी।
.jpeg)
छात्रा ने लगाया छड़ी से पीटने का आरोप
सूचना मिलने पर छात्रा के पिता विद्यालय पहुंचे और निजी वाहन से उसे अस्पताल लेकर गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। अस्पताल में छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक ने उसे छड़ी से पीटा, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह ने छड़ी से मारने के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने केवल हाथ से मारा था। उनका दावा है कि छात्रा पहले से बीमार थी, इसलिए वह बेहोश हो गई।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम ने कहा कि छात्रा की पिटाई की सूचना मिली है। मामले की जांच के लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है और रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि प्रधानाध्यापक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।