logo

कोडरमा सीट पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी में भाकपा (माले), महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने क्या बताया

कोडरमा सीट पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी में भाकपा (माले), महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने क्या बताया

द फॉलोअप डेस्क

29 फरवरी को भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी पूरी ताकत से कोडरमा से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राज्य कमिटी ने सभी प्रमुख नेताओं को कोडरमा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों की जिम्मेदारी दी है। आगामी 9-10 मार्च को पोलित ब्यूरो की बैठक में उम्मीदवार के बारे में निर्णय लिया जायगा। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन से मुलाकात कर झारखंड के विकास, राजनीतिक मुद्दों खास कर केंद्रीय एजेंसी के दुरुपयोग, विधायकों की खरीद फरोख्त, हेमंत सोरेन को विधानसभा के बजट सत्र शामिल होने से रोकने का मामला और बीजेपी विरोधी सरकार को गिराने की साज़िश के खिलाफ एकताबद्ध संघर्ष की सहमति बनाने की बात हुई। 


इंडिया गठबंधन कोडरमा सीट माले को देने पर सहमत
इंडिया गठबंधन के दलों ने कोडरमा लोकसभा क्षेत्र माले को देने पर सहमति जताई है। किसान आंदोलन की चर्चा करते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा वार्ता कर रहे हैं और एमएसपी की कानून गारंटी नहीं दे रहे हैं। किसानों के रास्ते कील-कांटे बिछाने, आंसू गैस,पिलेट बुलेट से दमन कर किसानों को घायल और हत्या कर इस मसले का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि अविलंब दमन के सारे विकल्प बंद कर वार्ता शुरू की जाए। वे देश के दुश्मन नहीं बल्कि अन्नदाता हैं। उनसे सम्मान पूर्वक पिछले वादों को पूरा करने की गारंटी दी जाए। 


बीजेपी को हटाने बिना भ्रष्टाचार का खात्मा असंभव
दीपांकर भट्टाचार्य ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल दुर्घटना में 40 मजदूरों की जान बचाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले रैट माइनर्स वकील हसन के घर को अतिक्रमण बता कर तोड़ने की घटना को शर्मनाक बताते हुए उन्होंने मोदी सरकार से सार्वजनिक माफी मांगने और रैट माइनर्स के घर को बनाने व मुआवजा देने की मांग की। भ्रष्टाचार की चर्चा करते हुए दीपांकर ने कहा कि पिछले समय जिन राजनेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये थे उन्हें सम्मान बीजेपी में शामिल कर वो दुनिया की सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गयी है। इस सरकार को उखाड़ फेंके बिना भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई असंभव है। रेल दुर्घटना के मृतकों को 50-50 लाख मुआवजा की मांग किया गया। राज्य सरकार भी मुआवजा व घायलों की समुचित इलाज की व्यवस्था करें।