logo

मां की उम्मीद पर खरा उतरी धनबाद पुलिस, 12 घंटे में चोरी हुआ नवजात बरामद

लोनो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक नवजात की चोरी के मामले में सराहनीय कार्रवाई की है। मां की उम्मीद और भरोसे को कायम रखते हुए पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर चोरी हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में कुछ महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसका संबंध किसी बच्चा चोर गिरोह से तो नहीं है। दरअसल 25 दिसंबर को टुंडी के मुनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भेलवे गांव निवासी शालिग्राम मरांडी की पत्नी सरिता मरांडी ने धनबाद के SNMMCH अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया था। 27 दिसंबर की शाम करीब 8 बजे गायनी वार्ड से नवजात की चोरी हो गई। बताया गया कि एक महिला नर्स के वेश में आई और बच्चे को जांच कराने की बात कहकर अपने साथ ले गई।

काफी समय बीत जाने के बाद जब नवजात वापस नहीं लाया गया तो परिजन चिंतित हो उठे। दंपती बार-बार अस्पताल की नर्सों से बच्चे के बारे में पूछते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद 28 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों के परिजनों ने भी हंगामा शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक महिला को गोद में नवजात लेकर जाते हुए देखा गया। इसके बाद सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छानबीन शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने भूली इलाके से नवजात को सकुशल बरामद कर लिया।

विधि व्यवस्था डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि बच्चे की बरामदगी भूली से की गई है। इस मामले में कुछ महिलाओं से पूछताछ चल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे किसी संगठित बच्चा चोर गिरोह का हाथ तो नहीं है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।