logo

श्रावणी मेले ने पकड़ी रफ्तार, तीन दिनों में 2 लाख कांवरियों ने बाबा को चढ़ाया जल; बोल बम के जयघोष से गूंजा देवघर

्ानुपोी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देवघर में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। सावन के तीसरे दिन तक बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर करीब दो लाख कांवरियों ने जलार्पण कर लिया है। पहले दिन 74,987 श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया, जबकि दूसरे दिन यह संख्या बढ़कर 1,05,179 पहुंच गई। तीसरे दिन भी सुबह से ही बाबा मंदिर में जलार्पण का सिलसिला लगातार जारी है और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कांवरिया पथ इन दिनों पूरी तरह केसरिया रंग में रंगा हुआ है। हर ओर "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष सुनाई दे रहे हैं। गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्तों की कतारें सुबह से ही कई किलोमीटर तक फैली रहीं। कांवर में बंधे घुंघरुओं की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे देवघर को शिवमय बना दिया है। श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।


सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम
श्रावणी मेले के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर सुबह से ही कांवरियों की कतारों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया पथ तक पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। कूपन व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंझला खंड तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे भीड़ नियंत्रण में है और जलार्पण शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।


गुलाब जल का छिड़काव, श्रद्धालुओं को मिल रही राहत
उमस भरी गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने कांवरियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। स्प्रिंकलर मशीनों से कांवरिया पथ पर सुगंधित गुलाब जल का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत और ताजगी का एहसास हो रहा है। दूसरे दिन कुल 1,05,179 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया, जिनमें मुख्य अरघा से 81,985, बाह्य अरघा से 19,472 और शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत 3,722 श्रद्धालु शामिल रहे। सावन के तीसरे दिन सुबह 4:15 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया और श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है।

Tags - Deoghar Shravani Mela Baba Baidyanath Kanwariya Jharkhand