द फॉलोअप डेस्क, रांची:
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर देशभर में सियासी विवाद तेज है। इस्तीफे की मांग के बीच शुक्रवार की शाम रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर सीपीआई(एमएल) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उनका कहना था कि चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों ने भी कई फैसलों को लेकर लिखित आपत्तियां दर्ज कराईं, बावजूद इसके उन पर कार्रवाई नहीं हुई।

SIR को तत्काल देशभर में रोकने की मांग
सीपीआई(एमएल) कार्यकर्ताओं ने SIR को तत्काल देशभर में रोकने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ चुनाव आयोग, केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ भी नारेबाजी की। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, चुनाव आयुक्त एसएस संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के विभिन्न फैसलों पर 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज की थीं। वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि ऐसे मतभेद संस्थागत deliberation का हिस्सा हैं और महत्वपूर्ण फैसले आयोग ने सर्वसम्मति से लिए हैं।