logo

जामताड़ा जिला परिषद अध्यक्ष बनीं दीपिका बेसरा, निर्विरोध जीता चुनाव

ryunherm.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिला के समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक स्तर पर कड़ी निगरानी रखी गई और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित की गई थीं। इस मौके पर मुख्य रूप से जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद, डायरेक्टर जुगनू मिंज तथा पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि मौजूद रहे और पूरी चुनाव प्रक्रिया को विधिवत संपन्न कराया गया। मतदान प्रक्रिया में जिला परिषद के कुल 12 सदस्यों ने भाग लिया। वहीं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राधा रानी सोरेन इस मतदान प्रक्रिया में अनुपस्थित रहीं। इसके अलावा एक सदस्य के निधन के कारण जिला परिषद की एक सीट अभी भी रिक्त बताई जा रही है।
चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संपन्न की गई, जिसमें जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए दीपिका बेसरा को एक बार फिर निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद उपायुक्त रवि आनंद ने मौके पर ही उन्हें शपथ दिलाई और औपचारिक रूप से उनके कार्यकाल की शुरुआत करवाई। उपायुक्त रवि आनंद ने इस अवसर पर कहा कि आज जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है और दीपिका बेसरा निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। उन्होंने कहा कि जिला परिषद जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और उम्मीद है कि आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
वहीं नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से जिले में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो काम अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला परिषद सदस्यों और समर्थकों का आभार भी जताया। इस अवसर पर जिप सदस्य सुरेंद्र मंडल, जमौली बास्की, फूलकुमारी देवी, बंदना खातून, रीना देवी के अलावा समर्थक अभय पांडे, नईम अंसारी, मेघनाथ सोरेन, याकूब अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी।

 

Tags - Jamtara Zila Parishad election Deepika Besra elected president Jamtaḍa district council president Jamtaḍa council election 2026 Jamtaḍa district development leadership Deepika Besra swearing-in ceremony Jamtaḍa election update Panchayati Raj news J