रांची:
19 अप्रैल को 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा होगी। परीक्षा 2 पालियों में होगी। रांची में परीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में मीटिंग हुई। गौरतलब है कि सुबह 10-12 बजे और फिर दोपहर में 3-5 बजे तक 2 अलग पालियों में परीक्षा ली जाएगी। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बैठक में निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था हो। नकल रोकने के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए विभागों के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया जाये। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के लिए बने सभी 96 उपकेंद्रों में बैठने की पर्याप्त क्षमता, पेयजल, शौचालय और बिजली की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।

केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने निर्देशश दिया है कि सभी केंद्र अधीक्षक परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास 100-200 मीटर तक निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया जाएगा, जिसमें मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या किसी भी प्रकार की प्रतिलिपि सामग्री ले जाना सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक ड्यूटी तथा वाहन चेकिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के लिए जागरूक किया जाए तथा प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) के साथ मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने का निर्देश दिया जाए।

गड़बड़ी की शिकायत पर एक्शन लेगा कंट्रोल रूम
उपायुक्त ने साथ ही यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। परीक्षा केंद्र में प्रतिनियुक्त सभी अधिकारी पदाधिकारी को परीक्षा हेतु दिए पहचान पत्र रखना अनिवार्य। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया झारखण्ड लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार कि परीक्षा पूर्ण रूप से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, यह सुनिश्चित करना हमारा सामूहिक दायित्व है। सभी अभ्यर्थियों से अपील की वे परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें तथा परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें