logo

एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी और ब्लैकमेलिंग करने वाला साइबर गिरोह बेनकाब, छह आरोपी गिरफ्तार

ेमदीू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों से यूपीआई के जरिए 500 से 1000 रुपये की ठगी और बाद में ब्लैकमेलिंग करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से पुलिस ने इस गिरोह के छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रतिबिंब एप पर प्राप्त शिकायत और तकनीकी शाखा से मिले इनपुट के आधार पर की गई। विष्णुगढ़ एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि थाना क्षेत्र के भेलवारा इलाके के आसपास गिरोह सक्रिय था, जो फर्जी वेबसाइटों पर एस्कॉर्ट सर्विस का विज्ञापन डालकर लोगों को झांसे में लेता था। संपर्क करने पर पीड़ितों से पहले मामूली रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी और बाद में फोटो व कॉल रिकॉर्डिंग के जरिए ब्लैकमेल किया जाता था।

तकनीकी जांच में संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन इसी क्षेत्र में मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने विष्णुगढ़–हजारीबाग रोड स्थित इंटर कॉलेज के पास रात्रि करीब एक बजे एक कार को रोका, जिसमें सवार सभी छह लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों के साइबर ठगी गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार, 12 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 10 डेबिट कार्ड सहित कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।