द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के सबसे व्यस्त इलाके कायस्थपाड़ा में अज्ञात हथियारबंद लुटेरों ने बालाजी ज्वेलर्स में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने दुकानदार अमन वर्मा को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घायल दुकानदार को बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद से पूरे जामताड़ा में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, हथियारबंद लुटेरों ने करीब तीन राउंड फायरिंग कर शहर में दहशत फैलाई और भागने में सफल रहे।

चेंबर ऑफ कॉमर्स ने जताई चिंता
ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर हुई लूट की घटना को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद से व्यापारियों में भय का माहौल है। वहीं, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि यह वारदात अज्ञात अपराधियों द्वारा अंजाम दी गई है। पुलिस ने जिले की सभी सीमाओं को सील कर गहन छापेमारी शुरू कर दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
