द फॉलोअप डेस्क
पचंबा फोरलेन सड़क निर्माण में हो रही अनावश्यक देरी और संवेदक की लापरवाही को लेकर भाकपा माले ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी की ओर से पदयात्रा निकालकर जनता को जागरूक किया गया। कार्यकर्ताओं ने जेपी चौक पर जयप्रकाश नारायण, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर आंदोलन की शुरुआत की।
माले कार्यकर्ता झंडा मैदान में एकत्र हुए और वहां से झंडा-बैनर एवं नारेबाजी करते हुए जेपी चौक पहुंचे। माल्यार्पण के बाद पदयात्रा पचंबा की ओर बढ़ी। यात्रा का प्रथम चरण फॉरेस्ट ऑफिस तक चला, और आगामी दिनों में यह कल्याणडीह तक विस्तारित की जाएगी।
माले जिला कमिटी सदस्य राजेश सिन्हा और कन्हाई पांडेय ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि एक माह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो माले व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब संवेदक को सड़क बनानी ही नहीं थी, तो गड्ढा क्यों किया गया? उन्होंने संवेदक को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की मांग की और जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मामले का संज्ञान लेने की अपील की।