logo

Ranchi : विपक्ष के फैलाए दुष्प्रचार का परिणाम है ताजा घटनाक्रम, सरकार को कोई खतरा नहीं: अविनाश पांडेय

a1019.jpg

रांची:  

देर शाम यूपीए के सभी विधायक लतरातू से रांची लौट आए। सभी विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सबसे पहले सीएम आवास गए। विधायक उन्हीं बसों के जरिए सीएम आवास आए, जिनमें उनको खूंटी जिला स्थित लतरातू डैम एंड रिसॉर्ट ले जाया गया था। रांची लौटने के बाद कांग्रेसी विधायकों की अलग से बैठक हुई। ये बैठक स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित की गई थी। 

विपक्ष के दुष्प्रचार का परिणाम है ये सब
कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि बीते ढाई वर्षों से महागठबंधन की सरकार, चुनाव में जनता से किए गए वादों के मुताबिक काम कर रही है। युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है वहीं विपक्ष लगातार नैरेटिव गढ़कर सशंय की स्थिति पैदा कर रहा है। अविनाश पांडेय ने कहा कि मौजूदा सियासी घटनाक्रम विपक्ष द्वारा फैलाए दुष्प्रचार का नतीजा है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन एकजुट और मजबूत है। सरकार को किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। हम विधायकों को लेकर चिंतित नहीं हैं। 

कांग्रेस प्रभारी की अध्यक्षता में बैठक
दरअसल, शनिवार को तकरीबन 6 बजे ये सूचना मिल गई थी कि रांची में कांग्रेस विधायक दल की एक बैठक होगी। इसमें सभी विधायकों को उपस्थित रहने को कहा गया था। स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और विधायक दल के नेता सह मंत्री आलमगीर आलम ने भी शिरकत की।

 

कई विधायकों ने की बैठक में शिरकत
बैठक से संबंधित जो तस्वीरें सामने आई उसमें प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम सहित बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह, महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह, बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बादल पत्रलेख, पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव और बरही विधायक उमाशंकर अकेला नजर आए। 

इस बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा संभव
संभवत इस बैठक में झारखंड में जारी ताजा सियासी हालात पर चर्चा हुई। दरअसल, अब तक ये तकरीबन स्पष्ट हो चुका है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधायकी जा चुकी है। खनन पट्टा लीज से जुड़े ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में राज्यपाल रमेश बैस ने अपना फैसला चुनाव आयोग को भेज दिया है। अधिसूचना वहीं से जारी होगी। ऐसे में शुक्रवार को 2 बार और शनिवार को 1 बार यूपीए विधायक दल की बैठक हुई जिसमें भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा हुई वहीं शनिवार देर शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सहयोगी के रूप मे सरकार में भूमिका और रणनीति पर चर्चा हुई होगी।