रांचीः
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और झारखंड प्रभारी अविनाश पांडेय की उपस्थिति में आज प्रदेश राज्य स्तरीय समन्वय समिति, सांसद और विधायक तथा जिला संयोजकों की बैठक हुई। रांची के होटल बीएनआर चाणक्या में हुई बैठक में आगामी 9 से 14 अगस्त तक आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर सभी जिलों में 75 किमी लंबी पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन करने की तैयारियों पर चर्चा हुई।

मांडर उपचुनाव की जात बेहद खास
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने मांडर उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत पर सभी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं और सहयोगी दलों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत ऐसे वक्त मिली है, जब पार्टी विभिन्न मोर्चो पर संघर्ष कर रही है। एक ओर जहां संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा था, वहीं जनहित के मुद्दे पर पूरी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर संघर्षरत थी, ऐसी स्थिति में पार्टी ने उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया, इसके लिए वे सभी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं को धन्यवाद देते है।

ईडी मनोबल को गिराने की साजिश कर रहा
कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी बीमार चल रही है, वह त्याग की प्रतिमूर्त्ति रही है, लेकिन आज ईडी के माध्यम से उनके मनोबल को गिराने की कोशिश की जा रही है, ऐसे में आगे संघर्ष के लिए पार्टी कार्यकर्त्ताओं को तैयार रहना होगा, आगे संघर्षमय यात्रा है। प्रवर्त्तन निदेशालय की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के खिलाफ 21 जुलाई को राजधानी रांची के हिनू स्थित ईडी कार्यालय का राज्यस्तरीय घेराव कार्यक्रम आयोति किया जाएगा जबकि 22 जुलाई को ईडी के खिलाफ सभी जिलों में जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि पाटी 9 से 14 अगस्त तक आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर सभी जिलों में 75 किमी लंबी पदयात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी में अभी से पार्टी कार्यकर्त्ता जुट जाए, भारत की आजादी की लड़ाई में कांग्रेस का स्वर्णिम योगदान रहा और युवा पीढ़ी तथा नई पीढ़ी को विभिन्न माध्यमों से इससे अवगत कराने की जरूरत है। बैठक में प्रभारी ने स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त तक राजधानी रांची में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के समापन के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित करने पर चर्चा की गयी।

जिला संयोजकों की भूमिका और कार्यों की भी प्रशंसा
कांग्रेस प्रभारी ने प्रदेश संगठन को मजबूत बनाने के लिए संगठनात्मक फेरबदल की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने की बात की। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में जिला संयोजकों की भूमिका और कार्यों की भी प्रशंसा की। इस मौके पर जिला संयोजक आलोक कुमार दूबे ने बताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्त्ता केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जारी गाइडलाइन और जयपुर घोषणा के अनुरूप की मजबूती को लेकर सौंपे गये सभी जिम्मेदारियों पर कांग्रेस कार्यकर्त्ता खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय की कार्यशैली से पार्टी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं में खासा उत्साह है।

ये सभी रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल नेता आलमगीर आलम,मंत्री बादल पत्रलेख,सांसद धीरज प्रसाद साहू, कार्यकारी अध्यक्ष बंधू तिर्की,शाहजादा अनवर, संगठन सशक्तिकरण अभियान के संयोजक सर्वश्री आलोक कुमार दूबे,मदन मोहन शर्मा, जयशंकर पाठक,संजय लाल पासवान,मानस सिन्हा,रामा खलखो, सुल्तान अहमद,अभिलाष साहू, कुमार गौरव मुख्य रूप से उपस्थित थे।