द फॉलोअप डेस्क
रांची समेत पूरे झारखंड में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। सुबह होते ही पूरा प्रदेश घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आ रहा है। लगातार गिरते न्यूनतम तापमान ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं सुबह 9 बजे तक भी कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली और ठंडी हवाओं के साथ दिन में आसमान साफ रहने के कारण रातें ज्यादा सर्द बनी रहेंगी। अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे खासकर हाइवे पर चलने वालों को परेशानी हो सकती है।

ठंड का असर जानलेवा भी साबित हो रहा है। जमशेदपुर में ठंड की वजह से एक महिला की मौत की खबर सामने आई है। सोमवार को विजिबिलिटी बेहद कम रिकॉर्ड की गई। देवघर में सबसे कम 200 मीटर, जमशेदपुर में 300 मीटर और रांची में 600 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट और कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह से घना कुहासा रहने के कारण विजिबिलिटी कम रहने की आशंका जताई गई है। हाइवे पर यात्रा करने वालों को सतर्कता के साथ वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले छह दिनों तक प्रदेश में धुंध और शीतलहर का असर बना रहेगा और तापमान में और गिरावट के संकेत हैं। कोहरे के कारण झारखंड के प्रमुख एयरपोर्ट, खासकर रांची एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं। सोमवार को खराब मौसम के चलते चार विमान रद्द कर दिए गए, जिनमें इंडिगो की कोलकाता-रांची-कोलकाता और एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली व बेंगलुरु से जुड़ी उड़ानें शामिल हैं। कोहरे का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।