द फॉलोअप डेस्क, रांची
मां रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म से निवृत होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सिंगापुर जा सकते हैं। सिंगापुर में वह छोटे भाई और दुमका विधायक बसंत सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। मालूम हो कि सिंगापुर के एक निजी अस्पताल में बसंत सोरेन का पिछले लगभग एक महीने से इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने के कारण ही बसंत सोरेन मां रूपी सोरेन के अंतिम संस्कार और श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री के सिंगापुर जाने का आधिकारिक कार्यक्रम नहीं बना है।
.jpeg)
बसंत सोरेन के अस्वस्थ होने की जानकारी रहने के बाद भी मुख्यमंत्री मां रूपी सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम में इतने व्यस्त थे कि उनके लिए बीच में सिंगापुर जाना संभव नहीं हो पाया था। अब छोटे भाई के अस्वस्थ रहने से चिंतित मुख्यमंत्री सिंगापुर जाने पर गंभीरता से विचार करते बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री 20 अक्तूबर को पैतृक गांव नेमरा से रांची लौटेंगे। उसके बाद वह सिंगापुर जाने का अपना कार्यक्रम फाइनल करेंगे।
