द फॉलोअप, रांची
झारखंड विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग में जारी भ्रष्टाचार और टेंडर के खेल की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि मुख्य सचिव की पहल स्वागत योग्य है, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में जारी टेंडर के खेल और भ्रष्टाचार की जांच विभाग को करने का निर्देश दिया है। पर दूध की रखवाली की जिम्मेदारी बिल्ली को ही सौंप दी गयी है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग में जारी भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की उम्मीद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ही कैसे की जा सकती है। इसलिए मुख्यमंत्री जिससे चाहें, न्यायिक, सीआईडी, सीबीआई या एसीबी, किसी एजेंसी से जांच करा लें। तभी इस खेल के खिलाड़ियों के चेहरे सामने आएंगे, दोषी चिह्नित और दंडित हो पाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को बर्खास्त करने और दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की। जायसवाल शनिवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।

नवीन जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए समाज के ही लोगों को अधिकतर टेंडर दिला रहे हैं। रांची में जिस दर पर स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में खरीददारी हो रही है और ठेका दिया जा रहा है, दूसरे जिलों में वही दर तीन गुणा तक अधिक हो जा रहा है। इसकी जांच होने पर स्पष्ट हो पाएगा कि टेंडर कौन मैनेज कर और करा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में बालू, लोहा, कोयला की लूट तो हो ही रही थी, अब ट्रेजरी लूट भी होने लगी है। सरकार को इसकी सीबीआई जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के शीर्ष पर बैठे हुए लोगों को याद रखना चाहिए कि कागज कभी मरता नहीं है। आज अगर स्वास्थ्य विभाग के भ्रष्टाचार को दबाने की कोशिश की गयी तो किसी न किसी दिन यह उन्हीं लोगों के गले की फांस भी बनेगी।
