रांचीः
JPSC के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अमिताभ चौधरी का मंगलवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने दुख जताया है। सीएम हेमंत सोरेन, अमिताभ चौधरी के घर पहुंचे और वहां जाकर श्रद्धांजलि दी। अमिताभ चौधरी के राज्य के नामी गिरामी लोग शोक जताने पहुंच रहे हैं। अमिताभ चौधरी के अंतिम दर्शन और परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए क्रिकेटर सौरभ तिवारी (Cricketer Saurabh Tiwari) भी उनके घर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी। अभिषेक चौधरी के दिल्ली से रांची पहुंचने के बाद अमिताभ चौधरी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आज सुबह पड़ा था दिल का दौरा
बता दें कि आज सुबह अशोक नगर स्थित आवास में ही अमिताभ चौधरी को दिल का दौरा पड़ा था। आनन-फानन में उन्हें सेंटेविटा अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा, डीआईजी अनीश गुप्ता, एसएसपी किशोर कौशल, सिटी एसपी अंशुमान कुमार, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, वरिष्ठ आईपीएस सुरेंद्र झा सहित कई पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे थे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
