logo

पानी भरने से इनकार पर बच्चे की बेरहमी से पिटाई, घायल हालत में रिम्स रेफर

वोवब2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
विधानसभा थाना क्षेत्र के सखुआ बगान में एक गन्ना विक्रेता द्वारा बच्चे की बेरहमी से पिटाई किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पानी भरने से इनकार करने पर आरोपी ने बच्चे की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित बच्चे की मां न्याय की मांग को लेकर विधानसभा थाने पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय मामले को समझौते में बदल दिया। महिला का कहना है कि आरोपी गन्ना विक्रेता पहले ही थाने पहुंचकर पुलिस को 5 हजार रुपये दे चुका था, जिसके बाद पुलिस ने उसे न्याय के नाम पर मात्र 2 हजार रुपये देकर घर भेज दिया। यह राशि बच्चे के इलाज के नाम पर दी गई।


पीड़ित मां ने आरोप लगाया कि उसका बच्चा गंभीर रूप से घायल है और इलाज के लिए अधिक राशि की जरूरत है, लेकिन पुलिस ने मामले को हल्का बताते हुए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस पूरे मामले में विधानसभा थाना प्रभारी गणेश यादव से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि इस तरह की छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं और फिलहाल वह छापेमारी में बाहर हैं। उन्होंने मामले की जानकारी के लिए थाने में मौजूद सब इंस्पेक्टर आनंद पंडित से बात करने की सलाह दी। वहीं, सब इंस्पेक्टर आनंद पंडित ने बताया कि यह विवाद बच्चों के बीच हुआ था और थाने में किसी भी पक्ष द्वारा लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि बच्चे के इलाज के लिए महिला को 2 हजार रुपये दिए गए हैं। साथ ही गन्ना विक्रेता की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि इलाज में अधिक खर्च आता है तो वह उसका भुगतान करेगा।