द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौतिया तालाब के समीप एक नाले से नवजात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीण एवं समाजसेवी अनुज कुमार प्रधान की नजर नाले में पड़ी एक संदिग्ध आकृति पर पड़ी। जब वे पास जाकर देखने लगे तो गंदे पानी और कीचड़ के बीच एक नवजात बच्ची का शव पड़ा हुआ मिला। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बच्ची के माता-पिता की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ संदीप कुमार सुमन एवं थाना प्रभारी विपिन सिंह पुलिस बल और सदर अस्पताल की एम्बुलेंस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
