द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच तेज करते हुए CBI की टीम रांची के पहाड़ी मंदिर स्थित अजय तिर्की के आवास पहुंची। टीम में करीब आधा दर्जन अधिकारी शामिल हैं, जो अजय तिर्की पर लगाये गये आरोपों से संबंधित साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। आवास के भीतर विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। CBI अधिकारी मामले से जुड़े तथ्यों और संभावित सबूतों को खंगाल रहे हैं। गौरतलब है कि निशा भगत ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर आत्महत्या की थी। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था। लाइव वीडियो में वह कई जमीन दलालों को कोसती नजर आयी थीं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके साथ कोई नहीं है। इस घटना के बाद मामला काफी सुर्खियों में आया था।

मुख्यमंत्री के आदेश पर CBI कर रही मामले की जांच
निशा भगत की आत्महत्या के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी तूल पकड़ लिया था। लाइव वीडियो में लगाये गये आरोपों और घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की CBI जांच के आदेश दिये थे। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने मामले की पड़ताल शुरू की। अब इसी कड़ी में CBI की टीम अजय तिर्की के आवास पहुंचकर जांच से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल अधिकारी आवास पर विभिन्न बिंदुओं की जांच कर रहे हैं। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई को निशा भगत के लाइव वीडियो में सामने आये आरोपों और आत्महत्या से जुड़े घटनाक्रम की पड़ताल के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, आवास पर चल रही जांच के संबंध में CBI की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।