logo

रंगदारी नहीं देने पर BSF जवान की ज्वेलरी दुकान पर हमला, एक गिरफ्तार; दो फरार

रंगदारी नहीं देने पर BSF जवान की ज्वेलरी दुकान पर हमला, एक गिरफ्तार; दो फरार

द फॉलोअप डेस्क:

परसुडीह थाना (Parsudih Police) क्षेत्र में रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर अपराधियों ने छुट्टी पर घर आए बीएसएफ (BSF) जवान की ज्वेलरी दुकान (Jewelry Shop) को निशाना बनाया। रविवार शाम तीन युवक स्कूटी (Scooty) से दुकान पहुंचे और कटारी (Katari) लेकर अंदर घुस गए। आरोप है कि युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ की और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

राहड़गोड़ा चौक पर हुई वारदात

घटना परसुडीह थाना क्षेत्र के राहड़गोड़ा चौक स्थित विशाल ज्वेलरी दुकान की है। रविवार शाम करीब 4:30 बजे तीन युवक स्कूटी पर सवार होकर दुकान पहुंचे। उस समय दुकान में बीएसएफ जवान विशाल कुमार मौजूद थे। आरोप है कि गोविंदपुर निवासी अमन कुमार लगातार उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था। रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने दुकान में घुसकर कटारी से हमला किया और जमकर तोड़फोड़ की। इससे दुकान में अफरा-तफरी मच गई।

छुट्टी पर घर आए थे जवान

विशाल कुमार जम्मू-कश्मीर में पदस्थापित हैं। वह छुट्टी पर अपने माता-पिता से मिलने घर आए हुए थे। इसी दौरान उनकी ज्वेलरी दुकान पर हमला किया गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में हमलावरों की पूरी करतूत कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना में उनकी भूमिका की जांच करने में जुटी है।

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी

घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और राहड़गोड़ा के लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब छुट्टी पर घर आए सुरक्षा बल के जवान की दुकान सुरक्षित नहीं है, तो आम दुकानदारों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News BSF Jawan Jewelry Shop Attack Jamshedpur News Parsudih Crime News