द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के गुमला जिला से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां घर में घुसकर अपराधियों ने एक युवक की टांगी से काटकर हत्या कर दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के जिलिंगा गांव की है। मृतक की पहचान गांव के ही 37 वर्षीय युवक विनय उरांव के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 4 से 5 की संख्या में हथियार बंद विनय के घर में घुसे और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया। वहीं, इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। आरोपियों ने मंगलवार देर रात करीब 1 बजे वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और मामले की छानबीन में जुट गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजा गया।
रांची में रहता था मृतक
वहीं, मामले की जानकारी देते हुए मृतक के चाचा संजय उरांव ने बताया कि विनय उरांव रांची के इटकी स्थित अपने ससुराल खंटगा गांव में अपनी पत्नी और 10 वर्षीय बेटे के साथ रहता था। वह मजदूरी का काम करता था। लगभग 10 दिन पहले ही वह परिवार के साथ अपने पैतृक गांव आया था। घटना की रात पूरा परिवार खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे। तभी रात के करीब 1 बजे चार-पांच हथियार बंद अपराधी बाउंड्री फांदकर घर में घुसे। इन लोगों ने पहले परिवार वालों के साथ गाली-गलौज की।
पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
इसके बाद विनय के कमरे का दरवाजा तोड़ा और उसे कमरे से बाहर निकाला। फिर उस पर टांगी से प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद मृतक की पत्नी कलावती उरांव ने बताया कि इससे पहले भी लोहरदगा के कैरो थाना निवासी सबुज अंसारी और रांची के इटकी के रहने वाले लाला मियां ने 2-3 लोगों के साथ मिलकर विनय पर जानलेवा हमला किया था। विनय पर हमला काम करने के दौरान किया गया था।
दर्ज हुई प्राथमिकी
बता दें कि हत्या के मामले में मृतक के परिजनों ने विनय पर जानलेवा हमला करने वाले सबुज अंसारी, लाला मियां और उनके अन्य 2-3 साथियों पर शक के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस भी घटना की तफ्तीश में जुट गई है।
इस मामले में SP शंभु कुमार सिंह ने कहा कि विनय उरांव की हत्या के आरोपियों के जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक के चाचा ने जो आवेदन दिया है, उसके हर बिंदु पर पुलिस काम कर रही है। कुछ दिनों के अंदर ही हत्याकांड की गुत्थी सुलझ जाएगी।
