जमशेदपुर:
राष्ट्रीय स्तर की तकनीकी प्रतिस्पर्धा में ARKA JAIN University के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। IBM की ओर से तमिलनाडु के कोयम्बटूर स्थित श्री रामकृष्णा कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस में आयोजित नेशनल हैकथॉन में विश्वविद्यालय की दोनों टीमों ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। 12 घंटे चली इस प्रतियोगिता में देशभर की 77 संस्थाओं के 320 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में दोनों टीमों की सफलता विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इन आठ विद्यार्थियों ने जीता है खिताब
प्रतियोगिता में ARKA JAIN University के B.Tech Artificial Intelligence & Data Science (IBM के सहयोग से संचालित) कार्यक्रम के कुल आठ विद्यार्थियों ने भाग लिया था। दोनों टीमों में शामिल सभी आठ विद्यार्थियों ने विजेता का खिताब हासिल किया। इनमें सोहेल खान, अनुराग महतो, पुरुषोत्तम कुमार, अमन कुमार केशरी, रोहित सिंह, सोनाली महतो, श्याम कुमार सोनी और धीरज महापात्र शामिल हैं।
तकनीकी समस्याओं की पहचान और निदान
हैकथॉन में प्रतिभागियों को सीमित समय के भीतर तकनीकी समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक और नवाचारी समाधान तैयार करने की चुनौती दी गई थी। इस दौरान विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता के साथ तार्किक सोच, रचनात्मकता, टीमवर्क और निर्णय लेने की क्षमता की भी परीक्षा हुई। ARKA JAIN की दोनों टीमों ने इस चुनौती में बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता का स्थान हासिल किया।

विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी देते हैं
विश्वविद्यालय में संचालित B.Tech Artificial Intelligence & Data Science कार्यक्रम को IBM के सहयोग से उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें IBM के विशेषज्ञ शिक्षण प्रक्रिया से जुड़े हैं और विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी देते हैं। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित IBM Software Lab for Emerging Technologies के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी तकनीकों पर काम करने का अवसर मिलता है।
विद्यार्थियों की तकनीकी क्षमता को मंच मिलता है
विश्वविद्यालय में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर Hack Horizon हैकथॉन और वार्षिक तकनीकी महोत्सव Technika का भी आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को कोडिंग, रोबोटिक्स और उभरती तकनीकों में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। IBM नेशनल हैकथॉन में मिली सफलता को इसी व्यावहारिक प्रशिक्षण और तकनीकी अनुभव का परिणाम माना जा रहा है।