द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के बोकारो जिले के सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी कोर्ट के रजिस्ट्रार के आधिकारिक ईमेल पर भेजी गई। ईमेल तड़के सुबह करीब 3:54 बजे भेजी गई थी। सूत्रों के अनुसार बताया गया कि धमकी भरे ईमेल में यह भी लिखा गया था कि दोपहर एक बजे तक कोर्ट परिसर खाली कर दिया जाए, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। धमकी मिलने से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मेल में दावा किया गया कि परिसर में 14 साइनाइड बम लगाए गए हैं। तत्काल इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दी गई। सूचना पाते ही पुलिस-प्रशासन तुरंत हरकत में आयी और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

इस ईमेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और तमिलनाडु का भी जिक्र किया गया। जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी स्पष्ट लिंक की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि इस धमकी की जानकारी थाना में सुबह करीब 9 बजे दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया. सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं और पूरे इलाके की गहन जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से जगुआर स्क्वाड टीम को भी बुलाया गया। इसके साथ ही रांची एटीएस के एसपी को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई। फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई हैं।