logo

धनबाद में लापता कोयला लोडर का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जहत.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भगतडीह परसाटांड़ निवासी 50 वर्षीय सुबोध कुमार सिन्हा का शव गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे से बरामद किया गया है। सुबोध कुमार बीते तीन दिनों से लापता थे। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। सुबोध कुमार सिन्हा पेशे से कोयला लोडर थे और ट्रक लोडिंग का काम करते थे। परिजनों ने इस मौत को सामान्य मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, 22 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे सुबोध कुमार अपने घर से गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कौवाबांध स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने के लिए निकले थे।

लोडिंग का काम पूरा होने के बाद शाम करीब 5 बजे वे गाड़ी के कागजात देने की बात कहकर भट्ठा परिसर से बाहर निकले। बताया गया कि वे भट्ठा से कुछ दूरी पर स्थित एक साइबर कैफे में प्रिंटआउट निकालने गए थे। इसी दौरान शाम लगभग 5:30 बजे उनकी पत्नी बबीता देवी से उनकी अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत हुई। इसके बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस बीच यह भी सामने आया है कि उनकी बाइक अब तक ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा परिसर में खड़ी है। पत्नी बबीता देवी ने इस संबंध में गोविंदपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

गुरुवार की सुबह कालाडीह पुलिया के नीचे पानी में एक अज्ञात शव दिखने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोविंदपुर थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में की गई। मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।