logo

बीएसएल के ठेका कर्मचारी का कुलिंग पौंड में मिला शव, लोगों ने कूदते देखा था

ेपोन38.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में कार्यरत 50 वर्षीय ठेका कर्मचारी हरीशंकर पांडेय की कुलिंग पौंड में डूबने से मौत हो गई। वे बोकारो के सेक्टर-4जी के निवासी थे। घटना से परिवार और इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, हरीशंकर पांडेय सोमवार की शाम स्कूटी लेकर घर से निकले थे, लेकिन अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। देर शाम उनके परिवार को एक युवक का कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि कुलिंग पौंड के पास खड़ी स्कूटी की डिक्की में बीएसएल का गेट पास मिला है और कुछ लोगों ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति को पानी में कूदते देखा। सूचना मिलते ही परिवार ने हरला थाना पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी तथा गेट पास बरामद किए। रात के कारण तलाशी अभियान तुरंत नहीं चलाया जा सका। मंगलवार सुबह गोताखोरों की मदद से कुलिंग पौंड में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कुछ ही देर बाद पानी से हरीशंकर पांडेय का शव बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली थी कि बीएसएल के ठेका कर्मचारी को कुलिंग पौंड में कूदते देखा गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।