logo

भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर BJP एसटी मोर्चा ने राज्यपाल से की मुलाकात

भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर BJP एसटी मोर्चा ने राज्यपाल से की मुलाकात

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड में महिलाओं और आदिवासी बेटियों की सुरक्षा को लेकर भाजपा(BJP) ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा(Bhushan Bara) पर एक 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों का जिक्र किया गया। भाजपा ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि प्राथमिकी के बाद पीड़िता को विधायक के आवास पर ले जाने की घटना की जांच होनी चाहिए।

उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग 
एसटी मोर्चा ने पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में उच्चस्तरीय जांच कराने पीड़िता को सुरक्षा देने और किसी भी राजनीतिक दबाव के बिना कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत, गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े कथित यौन शोषण के मामले को भी राज्यपाल के समक्ष उठाया। इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ खबरों को सामने लाने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की मांग भी की गई।

समयबद्ध और स्वतंत्र जांच के निर्देश का आग्रह 
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आदिवासी महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक रसूख के आधार पर कानून से बचने की छूट नहीं मिलनी चाहिए। नेताओं ने राज्यपाल से राज्य सरकार को समयबद्ध और स्वतंत्र जांच के निर्देश देने का आग्रह किया।इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक सहित अन्य नेताओं ने की मुलाकात।

Tags - Jharkhand Politics Bhushan Bara BJP ST Morcha Tribal Women Safety Minor Girl Abuse Allegations