logo

हजारीबाग : नाबालिग बच्ची मामले में BJP का अल्टीमेटम- 24 घंटे में हो गिरफ्तारी, नहीं तो शहर करेंगे बंद

iomfyi,fy.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुंबा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। 72 घंटे बीत जाने के बाद भी शव का अब तक अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल समेत कई विधायक पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए गांव पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो सोमवार को हजारीबाग बंद रहेगा। साथ ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी यदि गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पूरे झारखंड को ठप कर दिया जाएगा। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुंबा गांव की इस घटना ने पूरे समाज को स्तब्ध कर दिया है। 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। शव की स्थिति देखकर परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर साक्ष्य छिपाने के लिए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना की पूरे राज्य में निंदा हो रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद मनीष जायसवाल समेत कई नेताओं ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। इतनी बड़ी घटना के बावजूद जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीपीओ केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। 48 घंटे बीत जाने के बाद भी अपराधी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, अन्यथा हजारीबाग बंद किया जाएगा और राज्यभर में विरोध प्रदर्शन होगा।
भाजपा नेता अमर बाउरी ने भी सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार दिनों से शव गांव में पड़ा हुआ है, लेकिन अब तक सरकार या प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी वहां नहीं पहुंचा। इससे स्पष्ट होता है कि प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय है और मानवता का अभाव है। 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अंतिम संस्कार नहीं होने से ग्रामीणों में गहरा शोक और आक्रोश है। घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने बताया कि बच्ची के साथ अत्यंत क्रूरता की गई उसकी जीभ काट दी गई, हाथ तोड़ दिए गए और आंखों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके बावजूद अब तक अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। वहीं, गिरफ्तारी को लेकर विष्णुगढ़ के एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने कहा कि फॉरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों को घटनास्थल पर लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जा रही है। 

 

Tags - Hazaribagh crime news Vishnugarh Kusumba village incident Hazaribagh rape and murder case Jharkhand law and order issue Kusumba village crime case Hazaribagh police investigation Jharkhand BJP protest news Manish Jaiswal Hazaribagh MP news