द फॉलोअप, रांची
राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति को अंतिम मुकाम तक पहुंचाने की कोशिश में तेजी से जुट गयी है। प्रदेश कार्यालय में सोमवार को एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक के बाद मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने दावा किया कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत न सिर्फ निश्चित है, बल्कि पूरी तरह सुनिश्चित है। नवीन जायसवाल ने कहा कि बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति और मतदान प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि गठबंधन के सभी विधायक परिमल नाथवानी के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं। कई विधायक पहली बार मतदान प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं, इसलिए उन्हें मतदान की प्रक्रिया, समय और अन्य जरूरी जानकारियां भी दी गईं। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, लोजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान सहित भाजपा, आजसू और लोजपा के कई विधायक मौजूद थे। हालांकि इस बैठक में भाजपा के सात विधायक व्यक्तिगत कारणों से उपस्थित नहीं रहे।
विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा कि भाजपा के जो विधायक बैठक में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने पहले ही पार्टी नेतृत्व को इसकी सूचना दे दी थी। सभी विधायक जरूरी कार्यों के कारण अनुपस्थित थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष को किसी तरह की खुशफहमी पालने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस अपनी संभावित हार को लेकर पहले से ही बेचैन और हताश नजर आ रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी निर्दलीय प्रत्याशी हैं और विधानसभा के सभी 81 विधायक उनके लिए वोटर हैं। वे सभी दलों के विधायकों के संपर्क में हैं और उनके कार्यों पर सभी को भरोसा है। जायसवाल ने विश्वास जताया कि 18 जून को विधायक अपने विवेक और अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करेंगे तथा परिमल नाथवानी तीसरी बार राज्यसभा पहुंचेंगे।
