logo

मंत्री इरफान अंसारी की खराब तबीयत पर भानु ने जताई चिंता, कुशलक्षेम के साथ कसा तंज

वपोलह.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजनीति में सोशल मीडिया पर तंज-कसने का सिलसिला एक बार फिर देखने को मिला है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी द्वारा अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद भवनाथपुर के पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही का एक पोस्ट चर्चा में आ गया है। भानु प्रताप शाही ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मंत्री इरफान अंसारी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली है और वे प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने हल्के व्यंग्य के अंदाज़ में यह भी जोड़ दिया कि अगर ज्यादा दिक्कत हो तो बताइएगा, उनके पास बहुत ओरिजनल MBBS डॉक्टर परिचित हैं, जिन्हें भेजा जा सकता है। उनकी यही लाइन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। 


दरअसल, इरफान अंसारी और भानु प्रताप शाही के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग कोई नई बात नहीं है। दोनों नेता अक्सर एक-दूसरे पर तंज कसते और राजनीतिक-साथ ही निजी टिप्पणियों के जरिए निशाना साधते नजर आते रहे हैं। ऐसे में भानु प्रताप शाही का यह पोस्ट भी महज औपचारिक शुभकामना तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे पुराने सियासी तकरार की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले जब भानु प्रताप शाही की तबीयत खराब हुई थी, उस समय स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य की कामना की थी, लेकिन उस पोस्ट में भी हल्की चुटकी और राजनीतिक व्यंग्य झलकता नजर आया था। अब भूमिकाएं बदली हैं और तंज का रुख दूसरी ओर से देखने को मिल रहा है।