द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिला अंतर्गत एक महीने के अंदर लाल सोना यानि की बालू के चक्कर में अब तक कई लोगों ने जान गंवा दी है। एक महीना के अंदर लगातार बालू लदे ट्रैक्टर की दुर्घटना में तीन से चार लोगों की मौत हो चुकी है। बीते 12 मार्च को कांडी थाना क्षेत्र में बालू लोड ट्रैक्टर ने एक महिला की जान ले ली, और वहीं दूसरी ओर कुछ दिन पूर्व धुरकी थाना क्षेत्र में बालू लोड ट्रैक्टर ने ही एक युवक की जान ले ली। ये मामला ठंडा हुआ ही नहीं, और अब तीसरी घटना बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आदर में 7 अप्रैल (मंगलवार) की सुबह में एक अवैध बालू लोड ट्रैक्टर मदरसा चौक के पास अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई, जिसमें चालक की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोदरा के टोला बिच्छी निवासी प्रयाग चौधरी (डीलर) का आइशर ट्रैक्टर बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मझिआंव थाना क्षेत्र के बांकी नदी से सोमवार की रात ट्रैक्टर अवैध तरीके से बालू लोड कर बरडीहा थाना क्षेत्र में ले जा रहा था।

इस दौरान तेज रफ्तार होने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर आदर मदरसा चौक के पास नहर में जा गिरी जिसमें ट्रैक्टर चालक गंगा चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैक्टर मालिक व परिजन दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और चालक गंगा चौधरी के शव को उठाकर घर लेकर चले गए। वहीं ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि डीलर होने के बाद भी ट्रैक्टर से बालू चोरी कर रहे हैं। आज अगर अपने भतीजे को बालू चोरी में नहीं भेजते तो उसे जान नहीं गवानी पड़ती। गंगा रामविचार चौधरी का इकलौता पुत्र था। वहीं दुर्घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव ले जाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए पहल किया गया इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जबकि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जप्त कर लिया गया है।
