logo

जी राम जी योजना से साकार होगा गांधी का रामराज, कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है: बाबूलाल मरांडी

BABULAL35.jpg

रांची 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद कन्फ्यूज, हताश और निराश है, इसलिए जी राम जी योजना को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जी राम जी योजना का मतलब अंत्योदय है, गांव-गरीब, किसान और मजदूर का कल्याण है। यह महात्मा गांधी के सपनों के रामराज और भ्रष्टाचार मुक्त ग्राम विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र बन चुका था। झारखंड सहित कई राज्यों में मनरेगा घोटाले उजागर हुए, जहां कागजों पर काम दिखाकर करोड़ों रुपये की बंदरबांट की गई। खूंटी जिले के 24 करोड़ रुपये के गबन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर थी कि एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को जेल जाना पड़ा।


मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए विकसित भारत जी राम जी योजना लाई गई है। यह नया अधिनियम 20 वर्ष पुराने मनरेगा का विकसित और व्यापक मॉडल है, जिसमें 100 दिनों के बजाय 125 दिन के कार्य दिवस की गारंटी दी गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना में जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे का निर्माण, रोजगार सृजन वाले कार्य और पर्यावरणीय संकट को कम करने से जुड़े निर्माण कार्यों पर विशेष फोकस किया गया है। पारदर्शिता के लिए एआई आधारित निगरानी, जीपीएस मोबाइल मॉनिटरिंग, साप्ताहिक सार्वजनिक प्रकटीकरण और वर्ष में दो बार सोशल ऑडिट का प्रावधान किया गया है।


बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस अधिनियम में किसानों और श्रमिकों दोनों के हितों का ध्यान रखा गया है। कृषि कार्य के समय 60 दिन की नो-वर्क अवधि और शेष अवधि में 125 दिन रोजगार की गारंटी दी गई है। काम नहीं मिलने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को इस योजना से इसलिए परेशानी है क्योंकि इससे भ्रष्टाचार रुकेगा, मजदूरों को अधिक काम और सुरक्षा मिलेगी और गांव मजबूत होंगे। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जी राम जी योजना की खूबियों को लेकर जाएंगे और कांग्रेस के दुष्प्रचार का पर्दाफाश करेंगे।
प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव और सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य नेता मौजूद थे।

Tags - Ji Ram Ji Scheme BJP Babulal Marandi Rural Development Employment