रांचीः
आचार संहिता उल्लंघन के मामले में झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पाण्डेय कोतवाली थाना पहुंचे और केस की जानकारी हासिल की एवं एफआईआर की कॉपी भी हासिल की। मीडिया कर्मियों से बात करते हुए अविनाश पाण्डेय ने कहा मैंने किसी आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है, यह पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा पिछले 4 व 5 मई को संगठन सशक्तिकरण के लिए मैं रांची आया था जिसमें आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज की गई थी जो समाचार पत्र एवं पार्टी के द्वारा मुझे पता चला था।

राजनीति से प्रेरित है शिकायत
मेरे जैसा व्यक्ति जो देश का कानून मानता है उसके लिए भाजपा ने मानसिक रूप से निराश, हताश होकर मेरे खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत की और निर्वाचन अधिकारी ने उस शिकायत को थाने के पास भेजा और सबसे आश्चर्य थाना प्रभारी ने जिस किसी भी अज्ञानता वश भी जिन आईपीसी की धारा 181 व 130 का उल्लेख मेरे खिलाफ किया है उसे जो कोई भी जानकार है वह बता है कि ये धाराऐं मेरे विरुद्ध नहीं लग सकती है।

कहां से है आचार संहिता का उल्लंघन
अविनाश पाण्डेय ने कहा मैं अपने पार्टी कार्यालय के अंदर भविष्य को सुनियोजित करने एवं संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा कर रहा हूँ जो कि जून महीने में होने वाला है,पार्टी कार्यालय के अंदर मेरे कार्यक्रम का विवरण देते हुए उल्लेख करता हूं की जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों एवं विचारधारा को मजबूत करने का काम किया जाएगा तो यह क्या चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है? मैं नां तो उम्मीदवार का प्रचार करता हूं, ना मैं चुनाव चिन्ह का प्रचार कर रहा हूं,नां कोई आम सभा कर रहा हूं, ना ही कोई वोट देने की अपील कर रहा हूं और ना ही मेरे कोई साथी उस बैठक में चुनाव प्रक्रिया में शामिल है, तो कहां से यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।इस प्रकार का प्रशासन या निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से किया गया गैर जिम्मेदाराना कार्रवाई बिल्कुल ही गलत है। मैं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को कहूंगा अन्याय पूर्ण कार्रवाई का बिल्कुल समर्थन न करें और सामान्य लोगों के पास अगर कोई समस्या होती है तो कांग्रेस के कार्यकर्ता उसका अवश्य विरोध करें।

पैदल पहुंचे थाना
इसके पूर्व कांग्रेस भवन से पैदल ही झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे, विधायक दल नेता आलमगीर आलम, पूर्व मंत्री सुबोध कांत सहाय, मंत्री बादल पत्रलेख,बन्ना गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे,लाल किशोर नाथ शाहदेव, विधायक अनूप सिंह,प्रदीप यादव,दीपिका पाण्डेय सिंह,अभिलाष साहू,अमरेन्द्र सिंह, सहित 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली थाना पहुंचे।