द फॉलोअप डेस्क
दुमका नगर थाना क्षेत्र के दुधानी कुरुवा इलाके में रविवार को गैस सिलेंडर चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा हुआ। टावर चौक स्थित एक गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन से सिलेंडर चोरी कर भाग रहे तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने धर दबोचा। लोगों ने तीनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में उनकी निशानदेही पर चोरी का सिलेंडर खरीदने वाले एक दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार इंडेन गैस एजेंसी के संचालक राजू भगत का कर्मी हरिहर मंडल रोज की तरह सिलेंडर वितरण के लिए वाहन लेकर निकला था। इसी दौरान वह एक दुकान से रसीद लेने गया, तभी तीन युवक वाहन से एक गैस सिलेंडर उठाकर फरार हो गए। घटना को देख रहे लोगों ने आरोपियों की तस्वीरें ले लीं और उनकी पहचान कुरुवा गांव निवासी कुणाल राणा, धनेश्वर मुर्मू और विष्णु प्रसाद साह के रूप में की।

ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों युवकों पर पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। गांव में पहले भी सिलेंडर चोरी की घटनाएं होने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश था। इसी वजह से लोगों ने आरोपियों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी अशोक राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले गए।

निशानदेही पर खरीदार भी गिरफ्तार, चारों भेजे गए जेल
पुलिस पूछताछ में आरोपी कुणाल राणा ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ कई बार सिलेंडर चोरी कर कुमारपाड़ा के दुकानदार भैरव सिंह को बेच चुका है। मामले का खुलासा होने के बाद भैरव सिंह ने चोरी का सिलेंडर वापस कर समझौते का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि तीन सिलेंडर चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।