logo

31 अक्टूबर से लापता था अनूप, धनबाद के जंगल में पेड़ से लटका मिला कंकाल; ऐसे हुई पहचान

31 अक्टूबर से लापता था अनूप, धनबाद के जंगल में पेड़ से लटका मिला कंकाल; ऐसे हुई पहचान

धनबाद:
Dhanbad News:
धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के गोलमारा जंगल में बुधवार को एक युवक का कंकाल पेड़ से लटका मिला। शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़ चुका था। कमर के नीचे का हिस्सा भी गायब था। परिजनों ने कपड़े, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर उसकी पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में की। अनूप 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे से लापता था। वह एक मोबाइल सिम कंपनी में काम करता था। उसके लापता होने के बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।बताया जा रहा है कि अनूप पर कर्ज था। हालांकि, कर्ज का उसकी मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जंगली जानवरों द्वारा निचला हिस्सा खाने की आशंका
शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत काफी पहले हुई होगी। शव का निचला हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा खाए जाने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, गोलमारा जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर शव पूरी तरह सड़ा हुआ था और केवल ऊपरी हिस्से का कंकाल बचा था। इरफान अंसारी, टीओपी प्रभारी, बेलगड़िया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags - Dhanbad NewsJharkhand NewsBaliapur PoliceDhanbad CrimeAnup Kumar Singh