logo

रांची में बारिश बनी कहर : कच्चा मकान ढहने से मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

DEATH_CHILD.jpg

रांची 
रांची के सोनाहातु प्रखंड के तेलवाडीह गांव में शनिवार देर रात बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसकी चपेट में आकर 12 साल के शिवा प्रमाणिक की मौत हो गई। हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, यह दुर्घटना रात एक बजे के आसपास हुई जब पूरा परिवार घर में सो रहा था। अचानक मकान गिर पड़ा और सभी मलबे में दब गए। शोर सुनकर ग्रामीणों ने पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और सभी को बाहर निकाला।


'अगर मकान पक्का होता, शिवा बच जाता'
मृतक शिवा गांव के सुभाष प्रमाणिक का बेटा था और पास के स्कूल में पढ़ाई करता था। हादसे के वक्त शिवा की मां, पिता और बहन भी घर में मौजूद थे। गांव के ही धीरज प्रमाणिक ने बताया कि बच्चा मलबे से निकालने के बाद भी गंभीर हालत में था। उसे तत्काल सिंहपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि सुभाष के कई बार आवेदन देने के बावजूद उसे अबुआ आवास क्यों नहीं मिला। ग्रामीणों की मानें तो समय रहते अगर पक्का मकान मिल गया होता, तो शिवा की जान बच सकती थी।


बीडीओ बोले- लिस्ट लंबी है, प्राथमिकता राहत पर
सोनाहातु के प्रखंड विकास पदाधिकारी खगेश कुमार ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल बेघर परिवार को अस्थायी रूप से नजदीकी पंचायत भवन में ठहराने की व्यवस्था की जा रही है। जब उनसे पूछा गया कि अबुआ आवास योजना का लाभ अब तक क्यों नहीं मिला, तो उन्होंने कहा कि लाभार्थियों की सूची लंबी है और क्रम के अनुसार ही आवंटन होता है। मौजूदा वक्त में प्रशासन की प्राथमिकता परिवार को जरूरी सहायता देना है।
गांव में इस हादसे के बाद शोक और चिंता का माहौल है। खासतौर से वे परिवार सहमे हुए हैं जिनके मकान अभी भी कच्चे हैं और बारिश के मौसम में खतरे में हैं।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest