जामताड़ा:
जिले के 27वें उपायुक्त के रूप में आलोक कुमार ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को गति देने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। नए उपायुक्त ने कहा कि जामताड़ा जिले का समग्र विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाया जाएगा।

अधिकारियों-कर्मचारियों में समन्वय जरूरी
आलोक कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता को विशेष महत्व दिया जाएगा, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन पर बना रहे। साथ ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की बात कही।

लंबित योजनाओं को पूरा करने पर फोकस
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जिले में लंबित योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित जन-सुनवाई और संवाद की प्रक्रिया को भी मजबूत किया जाएगा। पदभार ग्रहण के अवसर पर जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नए उपायुक्त का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में जिले के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई।