द फॉलोअप डेस्क, रामगढ़
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर सारी तैयारियां की जा रही है। डीसी ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उप निर्वाचन के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। नियमित रूप से मतदान केंद्रों और क्लस्टर आदि का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया जा रहा है वही उप निर्वाचन के मद्देनजर गठित विभिन्न कोषांगो के वरीय पदाधिकारियों/ प्रभारी पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा की जा रही है। चुनाव के मद्देनजर सेक्टर दण्डाधिकारियों को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वही मतदान पदाधिकारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है और उनके लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण 13 फरवरी से प्रस्तावित है।
स्वतंत्र और निष्पक्ष होगा चुनाव
प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से रामगढ़ विधानसभा उप निर्वाचन 2023 को संपन्न कराने के उद्देश्य से रामगढ़ जिले के सभी बॉर्डर को सील किया गया है। इसके लिए 13 चेक नाके बनाए गए हैं और चेक नाकों के माध्यम से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में 5 स्टेटिक सर्विलांस टीम और 3 पालियों में 3-3 कुल 9 फ्लाइंग स्क्वायड टीम के द्वारा गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। स्वतंत्र और भयमुक्त तरीके से चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से नन बेलेबल वारंट संबंधित 80 फ़ीसदी मामलों का निष्पादन कर लिया गया है वही शेष मामलों को तीव्र गति से निष्पादित करने का कार्य किया जा रहा है। उप निर्वाचन के मद्देनजर लगातार चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत अब तक लगभग 22 लाख रुपए के अनुमानित अवैध शराब व कैश की जब्ती की गई है वहीं असामाजिक तत्वों के खिलाफ 107 एवं 116 की कार्रवाई की जा रही है।
मैदान में हैं 18 प्रत्याशी
प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए कहा कि 31 जनवरी 2023 से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के तहत नामांकन की आखिरी तिथि तक कुल 20 प्रत्याशियों ने 23 रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के तहत नामांकन किया जिसके उपरांत 8 फरवरी 2023 को हुई स्क्रुटनी के दौरान नाम निर्देशन पत्र में त्रुटि के कारण 2 प्रत्याशी संजय कुमार और नितेश कुमार सिन्हा की उम्मीदवारी को रद्द किया गया जिसके उपरांत उप निर्वाचन के दौरान चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 18 है। जिनमें 2 प्रत्याशी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी है और दो प्रत्याशी रजिस्ट्रीकृत राजनीतिक दलों के अभ्यर्थी हैं वहीं अन्य 14 अभ्यर्थी निर्दलीय है। उप निर्वाचन के मद्देनजर सभी अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जा चुका है।