द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बिष्टुपुर कैंपस में संचालित शिक्षा शास्त्र विभाग के एमएड कोर्स में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड सरकार ने संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा बीएड की तरह एमएड की प्रवेश परीक्षा भी आयोजित की थी। इसका परीक्षाफल 4 जुलाई 2025 को प्रकाशित किया गया है। इसमें 608 उम्मीदवारों ने क्वालिफ़ाई किया है। इन्हीं अभ्यर्थियों से शिक्षा शास्त्र विभाग की समन्वयक सह नोडल पदाधिकारी डॉ कामिनी कुमारी एवं विभागाध्यक्ष डॉ संजय भुईयां ने अपील की है कि, उक्त प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली महिला अभ्यर्थी अपने नामांकन के लिए वरीयता क्रम में प्रथम स्थान जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय शिक्षा शास्त्र विभाग को प्रदान करें, जिसकी तिथि पार्षद द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 7 जुलाई 2025 से 14 जुलाई 2025 तक निर्धारित की है।
इसी के आधार पर JCECEB रांची द्वारा 14 जुलाई से सीट एलॉट किया जायेगा। इसी के आधार पर शिक्षा शास्त्र विभाग में नामांकन ले सकती हैं। जानकारी हो कि, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के शिक्षा शास्त्र विभाग में 2009 से एमएड की पढ़ाई हो रही है। अब तक यहां से पास आउट विद्यार्थियों भारत वर्ष के कोने- कोने में अध्यापक शिक्षा के क्षेत्र में अपना परचम लहरा चुकी हैं। प्रत्येक वर्ष यहां की छात्राएं बड़ी संख्या में यूजीसी नेट की परीक्षा उत्तीर्ण करती हैं। इन सारे सूचनाओं की जानकारी विभागाध्यक्ष डॉ संजय भुईयां द्वारा दी गई है।
