द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के चितरंजन में शनिवार दोपहर एक दुखद और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय अविवाहित युवती पुबाली बैराग्य अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिली। मृतका के पिता प्रशांत बैराग्य, जो चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के सेवानिवृत्त कर्मी हैं, घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल घर पहुंचे।
.jpg)
परिजनों की मदद से युवती को फंदे से उतारकर गंभीर हालत में चित्तरंजन स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल ले जाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका की माँ भी घर पर मौजूद थीं, किंतु वे बीमार अवस्था में थीं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त है। फिलहाल घटना के सटीक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है और मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसे देखते हुए सालानपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर संभावित पहलू से छानबीन कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
.jpeg)