द फॉलोअप डेस्क
एक व्यक्ति ने ACB रांची में शिकायत दी कि बेड़ो थाना में पदस्थ पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नंदन पासवान ने उसके Tata LPT 14 चक्का ट्रक की मैकेनिकल जांच की रिपोर्ट भेजने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। व्यक्ति रिश्वत नहीं देना चाहता था, लेकिन आरोपी पुलिस अधिकारी बार-बार फोन कर उसे थाना बुलाता रहा और पैसे की मांग करता रहा। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत ACB रांची से की और कार्रवाई की मांग की। ACB की टीम ने शिकायत की जांच की। जांच में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद ACB रांची थाना में 07 जनवरी 2026 को कांड संख्या 02/2026 दर्ज किया गया। आज 09 जनवरी 2026 को ACB रांची की टीम ने बेड़ो थाना में छापेमारी कर पुलिस सहायक अवर निरीक्षक श्याम नंदन पासवान को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
