logo

साहिबगंज : तीनपहाड़ में कपड़े सुखाने निकली नाबालिग से जंगल में दुष्कर्म, हालत नाजुक

hndmitd.jpg

द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के एक गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घटना के विवरण के अनुसार, बच्ची अपने घर से कपड़े सुखाने के लिए निकली थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे अकेला पाकर दबोच लिया और जबरन पास के जंगल में ले गया। वहाँ आरोपी ने मासूम के साथ कई घंटों तक दरिंदगी की। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर पीड़िता रोती-बिलखती अपने घर पहुँची और परिजनों को सारी बात बताई। परिजनों के अनुसार, बच्ची की हालत बेहद गंभीर है। शारीरिक प्रताड़ना के कारण उसके शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था, जिससे वह अधमरी स्थिति में पहुंच गई थी। 
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, पीड़ित बच्ची को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।