द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास एक अज्ञात हाईवा वाहन ने टाटा मैजिक पिकअप को पीछे से तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचकर स्थिति को समझ पाते, तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी। हादसे की भयावहता देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। सड़क पर बिखरा सामान और क्षतिग्रस्त वाहन इस दुर्घटना की गंभीरता को साफ बयां कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, टाटा मैजिक पिकअप में सवार सभी लोग रांची से गुमला की ओर तिलकुट बेचने जा रहे थे। गुरुवार की सुबह वे अपने माल के साथ निकले थे, लेकिन भड़गांव के पास यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी रांची के निवासी हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस को आशंका है कि तेज गति से आ रहे हाईवा वाहन ने पीछे से टक्कर मारी और घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को पहले सिसई रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है। साथ ही अज्ञात हाईवा वाहन और उसके चालक की तलाश तेज कर दी गई है। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और रांची पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।