द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के उपायुक्त रवि आनंद के नाम से साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। “श्री रवि आनंद डीसी” नाम से बनाए गए इस फेक अकाउंट से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है, जिससे संभावित ठगी की आशंका जताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस अकाउंट को फर्जी मानें, इसकी फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और किसी भी प्रकार के संदेश, लिंक या पैसे की मांग को गंभीरता से न लें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी भी प्रकार की आर्थिक मांग की जाती है, तो उसे तुरंत नज़रअंदाज़ करें और इसकी शिकायत तत्काल साइबर थाना में करें। उपायुक्त ने बताया कि डिजिटल युग में साइबर अपराधी कई तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों की मेहनत की कमाई ठगने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि लोग जागरूक और सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट या संदेश का सत्यापन अवश्य करें। फर्जी अकाउंट की जानकारी मिलते ही उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
