द फॉलोअप डेस्क
रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र के कुटे गांव में एक महिला के साथ डायन प्रथा के नाम पर प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता कलावती देवी ने इस संबंध में थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए 14 लोगों को नामजद किया है। कलावती देवी के मुताबिक, सावन महीने में उनके गोतिया पवन लोहरा की रिंग रोड के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। घटना के तुरंत बाद गांव के कई लोगों ने आरोप लगाना शुरू कर दिया कि पवन की मौत की वजह वे हैं और उन्हें डायन बताकर प्रताड़ित किया जाने लगा।

जबरन भगत के पास ले जाने का आरोप
महिला ने बताया कि आरोपी उनके घर आए, गाली-गलौज की और पवन की मौत का जिम्मेदार ठहराया। आरोपियों ने उन्हें जबरन इटकी थाना क्षेत्र के दरहा गांव स्थित एक भगत के पास ले गया, जहां रास्तेभर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। पीड़िता के अनुसार प्रताड़ना का सिलसिला लगातार चलता रहा और 7 दिसंबर की सुबह कई लोग उसके घर में घुस आए। इस दौरान आरोपियों ने उसकी दिवंगत बुआ बुधो देवी का नाम लेते हुए दावा किया कि वह भूत बनकर उन्हें परेशान कर रही है। आरोप है कि कलावती पर दबाव बनाया गया कि वह भूत को वापस करे अन्यथा जान से मार दिया जाएगा।

पुलिस ने डायन-प्रताड़ना अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा थाना पुलिस ने डायन प्रथा प्रतिरोध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।