द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत बेसना टोला में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार रात की। छात्र की पहचान 19 वर्षीय रवि रंजन सिंह के रूप में हुई है। रवि मनिका डिग्री कॉलेज में बीए का छात्र था। घरवाले बता रहे हैं कि रात को रवि ने खाना नहीं खाया। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने पहले आसपास के लोगों को जानकारी दी। फिर मनिका थाना को सूचित किया। सूचना मिलते ही मनिका थाना के सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, तो अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। रवि कमरे में फंदे से लटका हुआ था। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। रवि पढ़ाई के साथ-साथ कार वॉशिंग का काम भी करता था और परिवार की आर्थिक मदद करता था। घटना के समय उसके कान में ब्लूटूथ लगा हुआ था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी से बातचीत कर रहा था। रवि की मां कुनिल कुंवर स्वास्थ्य सहिया के पद पर कार्यरत हैं। रवि तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।